वेमो की 4,500 रोबोटैक्सी का रिकॉल, निर्माण स्थल पर घुसीं सेल्फ-ड्राइविंग कारें, स्कूल बस और बच्चे को टक्कर के मामलों में भी जांच
अमेरिका में बिना ड्राइवर चलने वाली रोबोटैक्सी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। अल्फाबेट की कंपनी वेमो (Waymo) की सेल्फ-ड्राइविंग कारें लगातार अलग-अलग घटनाओं और जांचों के कारण चर्चा में हैं। कंपनी ने अपने ऑटोमेटेड ड्राइविंग सिस्टम में सुधार के लिए नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) के पास दो सेफ्टी रिकॉल दाखिल किए हैं। इनमें करीब 4,500 वाहनों को शामिल किया गया है। इन रिकॉल का उद्देश्य बंद फ्रीवे लेन, चौराहों और आपातकालीन कर्मचारियों के निर्देशों को समझने में आने वाली समस्याओं को दूर करना है।
बंद फ्रीवे लेन में घुसीं 11 रोबोटैक्सी
वेमो के मुताबिक, एक अक्टूबर से उसकी रोबोटैक्सी के बंद फ्रीवे लेन में प्रवेश करने की 11 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें सबसे चिंताजनक घटना नौ नवंबर को हुई, जब एक ही दिन में तीन सेल्फ-ड्राइविंग कारें निर्माण कार्य के लिए कोन लगाकर बंद की गई फ्रीवे लेन में घुस गईं।
ये घटनाएं कंपनी की ओर से अपने ऑपरेशन के स्वीकृत दायरे में बदलाव किए जाने के महज तीन दिन बाद हुईं। कंपनी ने बंद लेन में प्रवेश की आशंका कम करने के लिए सिस्टम में बदलाव किया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आईं।
हालांकि, वेमो का कहना है कि इन घटनाओं में कोई टक्कर नहीं हुई और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली।
4,500 वाहनों के लिए सेफ्टी रिकॉल
कंपनी ने NHTSA के पास सुरक्षा रिकॉल दाखिल कर अपने ऑटोमेटेड ड्राइविंग सिस्टम में सुधार की जानकारी दी है। इसमें बंद फ्रीवे लेन को पहचानने और निर्माण क्षेत्रों में सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने की क्षमता बेहतर बनाने पर जोर है।
इसके अलावा, चौराहों पर पुलिस अधिकारियों और आपातकालीन कर्मचारियों के निर्देशों को समझने की तकनीक में भी सुधार किया जा रहा है। इन बदलावों का उद्देश्य ऐसी परिस्थितियों में रोबोटैक्सी को गलत निर्णय लेने से रोकना है, जहां सामान्य ट्रैफिक नियमों के बजाय पुलिस या अन्य कर्मचारी यातायात नियंत्रित कर रहे हों।
स्कूल बस के पास से गुजरने पर 3,000 कारों की जांच
वेमो की मुश्किलें केवल निर्माण स्थलों तक सीमित नहीं हैं। NHTSA ने कंपनी की करीब 3,000 सेल्फ-ड्राइविंग कारों को लेकर अलग जांच शुरू की है। यह जांच उन घटनाओं के बाद शुरू हुई, जिनमें वेमो की कारें लाल बत्ती जलाकर रुकी हुई स्कूल बसों के पास से गुजर गई थीं।
जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि कंपनी का सॉफ्टवेयर अपडेट इन घटनाओं को रोकने में प्रभावी क्यों नहीं रहा। खास बात यह है कि कुछ उल्लंघन ऐसे समय में भी हुए, जब कंपनी पहले ही समस्या को ठीक करने के लिए अपडेट जारी करने की बात कह चुकी थी।
बच्चे को टक्कर मारने के मामले में भी जांच
वेमो की रोबोटैक्सी से जुड़ा एक और गंभीर मामला कैलिफोर्निया के सांता मोनिका में सामने आया था। यहां एक प्राइमरी स्कूल के पास कंपनी की सेल्फ-ड्राइविंग कार ने एक बच्चे को टक्कर मार दी थी।
इस घटना की जांच NHTSA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) अलग-अलग कर रहे हैं। जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ऑटोमेटेड ड्राइविंग सिस्टम ने किस तरह प्रतिक्रिया दी।
कैलिफोर्निया में निर्माण स्थलों पर प्रतिबंध
कैलिफोर्निया के डिपार्टमेंट ऑफ मोटर व्हीकल्स ने निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में रोबोटैक्सी के प्रवेश से जुड़ी घटनाओं के बाद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके बाद वेमो ने पिछले सप्ताह अमेरिकी फ्रीवे पर अपनी रोबोटैक्सी का संचालन रोक दिया था।
कुल मिलाकर वेमो की सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक अब निर्माण स्थलों, स्कूल बसों, आपातकालीन निर्देशों और सड़क सुरक्षा से जुड़े कई सवालों के घेरे में है। कंपनी सॉफ्टवेयर अपडेट और रिकॉल के जरिए इन समस्याओं को दूर करने की कोशिश कर रही है। अब जांच के नतीजे बताएंगे कि बिना ड्राइवर चलने वाली इन कारों की सुरक्षा व्यवस्था में कितने सुधार की जरूरत है।

