राजनीति

राम जी ने अब बुलाया है, मत टकराइए’, अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर आजम खान का बड़ा बयान

आजम खान का अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर बड़ा बयान, राम मंदिर जाने पर कही ये बात

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने खुलकर समर्थन किया है. एबीपी न्यूज़ को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में जब उनसे अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘अखिलेश हिंदू ही हैं शायद? किसी हिंदू को आप नहीं जाने देंगे?’ आजम खान ने आगे कहा, ‘हमारे यहां कहा जाता है कि तब जाएंगे, तब जाएंगे. राम जी ने अब बुलाया है. मालिक से मत टकराइए.’

आजम खान ने अखिलेश यादव के मंदिर जाने पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अखिलेश एक बार नहीं, हजार बार मंदिर जाएं और खूब पूजा-पाठ करें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाबरी एक्शन कमेटी के कन्वीनर रहते हुए हमने प्रस्ताव पास किया था कि सुप्रीम कोर्ट जो फैसला करेगा, वो हम मानेंगे.  इस देश का हर मुसलमान सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मानता है.

सपा-कांग्रेस अलायंस पर भी बोले आजम खान

इससे पहले आजम खान ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने दोनों दलों के बीच किसी तरह के विवाद से इनकार करते हुए कहा कि मामला बिल्कुल ठीक है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जब उनसे मिलने आए थे तो कांग्रेस की सीटों की सूची लेकर भी आए थे. उस समय यही बात हुई थी कि गठबंधन नहीं तोड़ना है. उन्होंने राहुल गांधी से क्षेत्रीय पार्टियों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील भी की.

आजम खान ने मुस्लिम राजनीति और ओवैसी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान मजबूती से उनके साथ है. आजम खान ने ओवैसी को अपने राज्य में मेहनत करने की सलाह देते हुए कहा कि अगर वह वहां इतनी ही मेहनत करें तो मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं. उन्होंने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को छोटा भाई बताते हुए कहा कि ओवैसी ने आसपा (का) नेता की सियासत पर तेजाब डाल दिया.

Related Articles

Back to top button