उत्तराखंड

दलेर मेहंदी विवाद में मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, मीका सिंह की टीम ने की सराहना

Daler Mehndi: उत्तराखंड के कुंजापुरी देवी मेले में गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मेहंदी बंधुओं से बातचीत कर मंत्री की ओर से खेद जताया था। अब इस मामले में गायक मीका सिंह की टीम ने बयान जारी कर मंत्री के कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि विवाद यहीं समाप्त हो जाएगा।

Daler Mehndi: उत्तराखंड के कुंजापुरी देवी मेले में गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मेहंदी बंधुओं से बातचीत कर मंत्री की ओर से खेद जताया था। अब इस मामले में गायक मीका सिंह की टीम ने बयान जारी कर मंत्री के कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि विवाद यहीं समाप्त हो जाएगा।

सुबोध उनियाल की माफी पर मीका सिंह की टीम का बयान

मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से माफी मांगे जाने के बाद मीका सिंह की टीम ने आधिकारिक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि वे इस बात की सराहना करते हैं कि मंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी।
टीम ने कहा कि कलाकारों और उनकी गरिमा का सम्मान करना बेहद जरूरी है। दलेर मेहंदी एक वरिष्ठ कलाकार हैं, जिन्होंने संगीत जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हर कलाकार के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाना चाहिए। बयान में आगे कहा गया कि उन्हें उम्मीद है कि अब यह मामला समाप्त हो जाएगा और सभी पक्ष आपसी सम्मान तथा समझदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने भी की थी बातचीत

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह से बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से माफी मांगते हुए मामले को सुलझाने की कोशिश की थी। इसकी जानकारी मीका सिंह ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी थी। अब मंत्री की ओर से सीधे फोन पर माफी मांगे जाने और मीका सिंह की टीम के सकारात्मक बयान के बाद विवाद के खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर दलेर मेहंदी की ओर से अब तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 18 अक्टूबर को नवरात्रि के अवसर पर टिहरी गढ़वाल में आयोजित कुंजापुरी देवी मेले में दलेर मेहंदी लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी प्रस्तुति बीच में रुकवा दी। मंत्री ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में थे और लिप-सिंक कर रहे थे। इस घटना के बाद मामला विवाद में बदल गया और संगीत जगत में भी इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई।

मीका सिंह ने जताई थी नाराजगी

घटना के बाद दलेर मेहंदी के छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि उनके भाई ने कभी शराब नहीं पी और कार्यक्रम के दौरान उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। मीका ने यह भी सवाल उठाया था कि एक वरिष्ठ कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार कैसे किया जा सकता है।

वहीं, विवाद के बीच मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने पहले के बयान पर कायम रहते हुए कहा था कि यदि कलाकार की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें आयोजकों या दर्शकों को पहले ही इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

अब विवाद खत्म होने की उम्मीद

मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से फोन पर माफी मांगे जाने और मीका सिंह की टीम की प्रतिक्रिया के बाद मामले में सुलह के संकेत मिल रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दलेर मेहंदी इस पूरे घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। फिलहाल, मीका सिंह की टीम ने आपसी सम्मान और समझदारी के साथ आगे बढ़ने की उम्मीद जताई है। ऐसे में माना जा रहा है कि कुंजापुरी देवी मेले में हुई इस घटना को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द समाप्त हो सकता है।

Related Articles

Back to top button