प्रशासन

आनंद मोहन की रिहाई रद्द, सुप्रीम कोर्ट का एक महीने में सरेंडर करने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका देते हुए उनकी समय से पहले रिहाई का रास्ता खोलने वाले बिहार सरकार के फैसले को रद्द कर दिया है। अदालत ने 2023 में सजा में छूट देने की नीति में किए गए बदलाव को असांविधानिक करार दिया है। साथ ही आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण कर जेल लौटने का आदेश दिया है। यह मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या से जुड़ा है। इस मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट मिलने के बाद वह 24 अप्रैल 2023 को जेल से रिहा हो गए थे।

उमा कृष्णैया की याचिका पर आया फैसला

न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर यह फैसला सुनाया। उन्होंने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई और बिहार सरकार की छूट नीति में किए गए बदलाव को चुनौती दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि सरकार ने आनंद मोहन को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों में बदलाव किया और ऐसा करते समय जरूरी कानूनी पहलुओं की अनदेखी की।

बिहार सरकार की नीति में क्या बदलाव हुआ था?

बिहार सरकार की पुरानी नीति के अनुसार, ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों की हत्या के दोषियों को समय से पहले रिहाई के लिए सजा में छूट नहीं दी जाती थी। उन्हें कम से कम 20 साल की सजा पूरी करनी होती थी। हालांकि, अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल नियमावली 2012 के नियम 481(1)(ए) में बदलाव कर दिया। इसके बाद सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए दोषियों को भी छूट का पात्र बना दिया गया। इसी बदलाव से आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता खुला था।

अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार नीति में बदलाव के पीछे कोई तर्कसंगत सार्वजनिक उद्देश्य साबित नहीं कर सकी। अदालत ने इस बदलाव को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन बताते हुए असांविधानिक घोषित कर दिया। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि सजा में छूट देने की प्रक्रिया में पीड़ित पक्ष को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। हालांकि, पीड़ित की आपत्ति को अंतिम निर्णय रोकने का अधिकार नहीं माना जा सकता।

सरकार नए सिरे से शुरू कर सकती है प्रक्रिया

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार सरकार कानून के मुताबिक नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इस दौरान जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया और याचिकाकर्ता को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर देना होगा। अदालत ने न्याय के सिद्धांतों और पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा पर भी जोर दिया। अब आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करना होगा।

Back to top button