प्रशासन

सुप्रीम कोर्ट का आदेश, अब पैकेट वाले खाने पर लगेगा लाल चेतावनी निशान

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, पैकेट वाले खाने पर लगेगा लाल चेतावनी लेबल

सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड फूड को लेकर अहम निर्देश दिया है। अब ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट पर सामने की तरफ लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था की जाएगी। इस लेबल पर षटकोण के आकार का लाल निशान होगा, जिससे ग्राहक आसानी से समझ सकेंगे कि संबंधित खाद्य उत्पाद में स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले पोषक तत्वों की मात्रा अधिक है। इस मामले में जस्टिस जेबी पार्डीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने सुनवाई के दौरान यह फैसला सुनाया। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने भी इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया था।

जनहित याचिका के बाद शुरू हुई कार्रवाई

दरअसल, 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की थी। इसमें पैकेट और डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य चेतावनी लेबल लगाने की मांग की गई थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया था कि क्या सरकार नहीं चाहती कि उसके नागरिक स्वस्थ रहें? इसके बाद FSSAI ने अदालत में हलफनामा दाखिल कर फ्रंट ऑफ पैक वार्निंग लेबलिंग का प्रस्ताव पेश किया।

दो चरणों में लागू करने की थी योजना

FSSAI ने इस व्यवस्था को दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव दिया था। पहले चरण में उन उत्पादों पर लाल चेतावनी लेबल लगाने की बात कही गई, जिनमें चीनी, नमक या फैट में से कम से कम दो तत्व निर्धारित सीमा से अधिक होंगे। इसमें अधिक मीठे कोल्ड ड्रिंक्स भ शामिल होंगे। दूसरे चरण में नियम का दायरा बढ़ाकर उन उत्पादों तक पहुंचाने का प्रस्ताव है, जिनमें इन तीनों में से कोई एक तत्व भी तय सीमा से ज्यादा मौजूद होगा।

ICMR के मानकों से तय होगी सीमा

किसी खाद्य उत्पाद को हाई फैट, हाई शुगर या हाई साल्ट यानी HFSS श्रेणी में रखने का आधार ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन की डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस-2024 होंगी। हालांकि, कुछ एकल सामग्री वाले उत्पादों और प्राकृतिक रूप से इन तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को प्रस्तावित लेबलिंग से छूट देने की बात कही गई है। इसमें शुद्ध घी, खाद्य तेल, साधारण नमक, चीनी, गुड़ और शहद जैसे उत्पाद शामिल हैं।

ग्राहकों को क्या होगा फायदा?

फ्रंट ऑफ पैक लेबलिंग का सबसे बड़ा उद्देश्य ग्राहकों को खरीदारी के समय ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक पोषण संबंधी जानकारी देना है। फिलहाल अधिकतर उत्पादों पर कैलोरी, फैट, प्रोटीन, शुगर और सोडियम की जानकारी पैकेट के पीछे या किनारे छोटे अक्षरों में दी जाती है। ऐसे में कई बार ग्राहक इसे समझ नहीं पाते। लाल चेतावनी निशान से उन्हें तुरंत पता चल सकेगा कि किसी उत्पाद में चीनी, नमक या फैट की मात्रा अधिक है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अत्यधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट का सेवन मोटापा, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकता है। सैचुरेटेड फैट घी, मक्खन, मलाई और फैटी मीट में पाया जाता है, जबकि अनसैचुरेटेड फैट बादाम, अखरोट, मूंगफली, सरसों के तेल और मछली में मिलता है। नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और बेहतर खान-पान के विकल्प चुनने में मदद करना है।

Back to top button