मनोरंजन

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स-2026, पहली बार मां और शादीशुदा महिला ने जीता खिताब

 

 

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स-2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। राजधानी सैन जुआन में आयोजित 75वें मिस यूनिवर्स ग्रैंड फिनाले में उन्हें विजेता घोषित किया गया। उनकी जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि वह मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और मां बन गई हैं। जेनिफर की इस उपलब्धि ने दुनियाभर में महिला सशक्तिकरण और बदलते सौंदर्य प्रतियोगिता मानकों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

पहली बार रैंप वॉक से मिस यूनिवर्स तक का सफर

जेनिफर बैरेटो का मॉडलिंग करियर बेहद दिलचस्प रहा है। उन्होंने फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक किया था। इसके बाद जून में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने पहुंचीं। कुछ ही महीनों में उन्होंने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट का ताज अपने नाम कर लिया।

जेनिफर मॉडल होने के साथ सोशल वर्कर भी हैं। उन्होंने अपने सफर के दौरान लगभग 30 किलो वजन घटाया। उनकी व्यक्तिगत जिंदगी भी इस उपलब्धि को खास बनाती है। वह शादीशुदा हैं और उनकी एक बेटी है। मिस यूनिवर्स के मंच पर जीत का ऐलान होते ही जेनिफर भावुक हो गईं। भारतीय कारीगरों की बारीक कढ़ाई से सजा खास गाउन पहनकर उन्होंने फिनाले में अपनी खूबसूरती और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

पहली मां बनीं मिस यूनिवर्स, बदले प्रतियोगिता के नियम

मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में लंबे समय तक केवल अविवाहित महिलाओं को ही हिस्सा लेने की अनुमति थी। शादीशुदा और मां बन चुकी महिलाओं के लिए इस प्रतियोगिता के दरवाजे बंद थे। हालांकि, मिस यूनिवर्स संगठन ने 2023 के संस्करण से अपने नियमों में बड़ा बदलाव किया।

नए नियमों के तहत शादीशुदा, तलाकशुदा और मां बन चुकी महिलाओं को भी प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी गई। इसी बदलाव के बाद जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और मां बनीं। उनकी जीत को प्रतियोगिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

प्यूर्टो रिको ने छठी बार जीता ताज

जेनिफर की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले 1970 में मैरिसोल मालारेट, 1985 में डेबोरा कार्थी-ड्यू, 1993 में दयानारा टोरेस, 2001 में डेनिस क्विनोनेस और 2006 में जुलेइका रिवेरा ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

इस प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास सेकेंड रनर-अप रहीं। दुनिया के 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतियोगियों ने ताज के लिए मुकाबला किया।

भारत की काजिया टॉप-30 तक पहुंचीं

भारत की तरफ से केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं।

भारत अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुका है। 1994 में सुष्मिता सेन, 2000 में लारा दत्ता और 2021 में हरनाज संधू ने भारत को यह गौरव दिलाया था।

इस बार विजेता के लिए 3,150 हीरों से सजा विशेष डायमंड क्राउन तैयार किया गया था। 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से बने इस क्राउन ने प्रतियोगिता की 75वीं वर्षगांठ को भी खास बनाया। जेनिफर बैरेटो की जीत ने साबित किया कि आत्मविश्वास, मेहनत और प्रतिभा के सामने पारंपरिक सीमाएं मायने नहीं रखतीं।

Back to top button