बेटी की शादी में खुद मैदान में उतरे अनंत सिंह, बारिश के बाद संभाली कमान
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को शादी है. बारिश से मैदान में पानी भरने के बाद अनंत सिंह खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं.

बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों में खुद जुट गए हैं. पिछले दो दिनों से हुई बारिश ने शादी समारोह की तैयारियों में खलल डाल दिया था. खासकर जयमाल, महाभोज और घुड़दौड़ के लिए तैयार मैदान में पानी और कीचड़ भर गया था. अब मौसम साफ होने के बाद अनंत सिंह खुद मैदान में उतर आए हैं. वह हर इंतजाम की निगरानी कर रहे हैं.
मोकामा स्थित उनके पैतृक गांव नदवां में 25 नवंबर को शादी होनी है. इसे लेकर तैयारियां फिर तेज हो गई हैं. अनंत सिंह एक वीडियो में खुद तैयारियों का जायजा लेते हुए नजर आ रहे हैं.
जेसीबी से मैदान को दुरुस्त करा रहे अनंत सिंह
बारिश थमने के बाद अनंत सिंह ने मैदान की व्यवस्था संभाल ली है. जेसीबी से मिट्टी और बालू को भरा जा रहा है. पानी और कीचड़ हटाकर जमीन को समतल किया जा रहा है. खास ध्यान घुड़दौड़ के मैदान पर दिया जा रहा है, ताकि घोड़ों को दौड़ने में परेशानी न हो. अनंत सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि बारिश के कारण किसी कार्यक्रम में बदलाव नहीं होगा.
घर में आज हल्दी की रस्म, गूंज रहे मंगलगीत
शिवांगी की शादी से पहले घर में हल्दी की रस्म होगी. नदवां गांव में अनंत सिंह के घर को सजाया गया है. परिवार की महिलाएं मंगलगीत गा रही हैं. मंडप और पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मेहमानों के स्वागत और बैठने की व्यवस्था भी की जा रही है.
घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी थार
शादी में घुड़दौड़ खास आकर्षण होगी. कहा जा रहा है कि इसके लिए बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से 20 से ज्यादा घोड़े पहुंच चुके हैं. घोड़ों को अभ्यास भी कराया जा रहा है. प्रतियोगिता के विजेता घोड़े के मालिक को थार गाड़ी पुरस्कार में दी जाएगी.
चार लाख मेहमानों के लिए खानपान की तैयारी
शादी में करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना है. उनके लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान बनाने की तैयारी है. मिठाइयां और रसगुल्ले भी बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे हैं. इसके लिए 200 से ज्यादा हलवाई लगाए गए हैं. टैंकर से दूध मंगाया गया था.
आयोजन से जुड़ी तैयारियों के मुताबिक, करीब 25 लाख रसगुल्ले बनाने का लक्ष्य है. इससे पहले 20 नवंबर को शिवांगी का तिलक-फलदान समारोह हुआ था. इसमें हजारों समर्थक और कई मेहमान जो बाहर से आए थे वे शामिल हुए थे.



