मंदिर वाली श्रद्धा से खिलवाड़ के बाद अब इस श्रद्धा से खेल…', अखिलेश यादव ने क्यों बोला BJP पर हमला?
Lucknow Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला। श्रद्धा और आस्था पर तंज के साथ अधिकारियों के नाम सामने आने का दावा किया।
Lucknow Shiva Sharma Murder Case: राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में अब सियासत का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। यहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस सनसनीखेज मामले में सीधे तौर पर बीजेपी सरकार और प्रशासनिक अमले पर तीखा हमला बोला है। ‘श्रद्धा’ और ‘आस्था’ के बहाने सरकार पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कई बड़े और गंभीर आरोप लगाए हैं, आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
शिवा हत्याकांड पर गरमाई सियासत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बयानबाजी चरम पर पहुंच गई है। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के पकड़े जाने के बाद सरकार और सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अखिलेश यादव ने ‘श्रद्धा’ और ‘आस्था’ शब्दों का अनोखा दांव खेलते हुए बीजेपी पर जोरदार तंज कसा है।
‘श्रद्धा’ और ‘आस्था’ के जरिए सरकार पर तंज
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “श्रद्धा रखिए बस जी, आस्था रखिए बस, लेकिन भाजपाई तो ऐसे हैं कि श्रद्धा और आस्था से ही खिलवाड़ कर लेते हैं भाई! यहाँ एनडीए में मंदिर वाली श्रद्धा से खिलवाड़ हुआ, अब इस वाली श्रद्धा से खिलवाड़ हो रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि जो लोग श्रद्धा के प्रति श्रद्धा दिखा रहे हैं, वे असल में अपनी सरकार को बचाने में जुटे हुए हैं।
कई अधिकारियों के नाम आने की आशंका
इस मामले में व्यक्तिगत मामलों से दूरी बनाने की बात कहते हुए भी अखिलेश यादव ने एक बड़ा बम फोड़ा। उन्होंने कहा कि “सुनने में आ रहा है कि इस मामले में बहुत सारे अधिकारियों और कई बड़े लोगों के नाम सामने आ सकते हैं, अगर आप लोग सही तरीके से जांच करें।” उनके इस बयान के बाद महकमे में और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
विकास दुबे कांड की दिलाई याद
अखिलेश यादव ने सरकार पर अपराधियों को बचाने के दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए बहुचर्चित विकास दुबे कांड का जिक्र किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “आपको विकास दुबे का मामला याद होगा। इन लोगों ने गाड़ी पलटने का नाटक करके अपनी सरकार को गिरने से बचा लिया था। इस मामले में भी ये लोग बिल्कुल वैसा ही कर रहे हैं।”
LDA और अकबरनगर पर भी साधा निशाना
आपको बता दें सिर्फ शिवा हत्याकांड ही नहीं, बल्कि अखिलेश यादव ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) पर भी जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि LDA पूरी तरह से करप्शन का विभाग बन गया है, जिसका काम सिर्फ पैसा इकट्ठा करना और भ्रष्टाचार फैलाना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘रिवर फ्रंट’ बनाने के नाम पर अकबरनगर को तो खाली करवा दिया, लेकिन आज तक वहां कोई रिवर फ्रंट नहीं बना।
किसानों के मुआवजे पर बोले अखिलेश
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निर्माण का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय किसानों को बाजार भाव के हिसाब से मुआवजा दिया गया था। साथ ही उन्होंने वादा किया कि भविष्य में जब भी सपा की सरकार आएगी, किसानों से जमीन तभी ली जाएगी जब उन्हें बाजार मूल्य के अनुसार पूरा मुआवजा मिलेगा।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट की बालकनी से गिरकर कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। जहां लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे इसे सुसाइड बता रही थी, वहीं शिवा की मां रंजना शर्मा ने शरीर पर टॉर्चर के निशान बताते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश 11 दिन तक नेपाल और अन्य जगहों पर फरार रहने के बाद नागपुर से गिरफ्तार किए गए, जिन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है।
बहरहाल, शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में अधिकारियों के नाम सामने आने के अखिलेश यादव के दावों ने राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है। क्या वाकई इस मामले में कोई बड़े चेहरे बेनकाब होंगे? इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।



