UP में BJP ने की अब तक की सबसे बड़ी कार्यसमिति की घोषणा! शामिल हैं PM मोदी समेत 548 नाम, देखें पूरी लिस्ट
UP BJP Working Committee: यूपी बीजेपी ने मिशन-2027 के लिए प्रदेश कार्यसमिति की 548 सदस्यों वाली बड़ी सूची जारी की है। उमा भारती और वरुण गांधी को जगह नहीं मिली, जबकि अमित शाह की मौजूदगी में सत्ता की हैट्रिक का संकल्प लिया जाएगा।

UP BJP Working Committee: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को यूपी प्रदेश कार्यसमिति-2026 के सदस्यों की भारी-भरकम लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की ओर से जारी की गई इस सूची में कुल 548 प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए गए हैं। इसके अलावा 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल किए गए हैं। इस पूरी सूची में मिशन-2027 की झलक साफ दिखाई दे रही है।
पार्टी ने इस बार प्रदेश कार्यसमिति का दायरा पहले के मुकाबले काफी बड़ा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh), पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी (Murli Manohar Joshi) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) समेत कई बड़े नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
अमित शाह की मौजूदगी में बनेगा रोडमैप
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में वापसी और सरकार बनाने के संकल्प के साथ भाजपा अपनी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने जा रही है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यह संकल्प केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) की मौजूदगी में लिया जाएगा। भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह यूपी के भाजपाइयों के साथ मिशन-2027 के रोडमैप पर चर्चा करेंगे।
अमित शाह के इस दौरे के साथ ही उत्तर प्रदेश में भाजपा का चुनावी मोर्चा और तेज होने की तैयारी है। वह 30 और 31 अक्टूबर को दो दिन के यूपी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) की तैयारियों को धार देने पर चर्चा होगी।
30 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 30 अक्टूबर को दो दिनी यूपी दौरे पर राजधानी लखनऊ (Lucknow) पहुंचेंगे। इसी दिन वह डॉ. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (Dr. Ram Manohar Lohiya National Law University) के डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे।
अमित शाह की मौजूदगी में सभागार में मौजूद करीब 30 हजार वरिष्ठ पार्टी नेताओं के सामने उत्तर प्रदेश में सत्ता की हैट्रिक लगाने का संकल्प लिया जाएगा। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति और तैयारियों को लेकर मंथन होगा।
कौन-कौन बने स्थायी आमंत्रित सदस्य
भाजपा की ओर से जारी सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) और ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
इसके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और तारिक मंसूर, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी इस सूची में शामिल हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, स्वतंत्रदेव सिंह और भूपेंद्र सिंह चौधरी को भी स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एसपी सिंह बघेल, कीर्तिवर्धन सिंह, ओबीसी आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी इस सूची में शामिल हैं।
उमा भारती और वरुण गांधी को नहीं मिली जगह
नई सूची में कुछ नाम ऐसे भी हैं, जिनकी गैरमौजूदगी पर खास नजर गई है। पिछली बार पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती (Uma Bharti) को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया था, लेकिन इस बार उन्हें सूची में जगह नहीं मिली है।
इसी तरह पहले सूची में सांसद के तौर पर वरुण गांधी (Varun Gandhi) का नाम भी शामिल था, लेकिन इस बार उनका नाम नहीं है। वहीं पार्टी ने सभी राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के साथ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों और राज्यमंत्रियों को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है।
सामाजिक समीकरण साधने पर बीजेपी का फोकस
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से घोषित स्थायी, विशेष और प्रदेश कार्यसमिति की सूचियों में मिशन-2027 की छाप साफ दिखाई दे रही है। पार्टी का फोकस सामाजिक समीकरण (Social Equation) साधने पर भी नजर आ रहा है।
राममंदिर से जुड़े हालिया प्रकरण में तीखे तेवर दिखाने वाले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार को भी स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। ऐसे में नई कार्यसमिति में पुराने और अनुभवी नेताओं के साथ अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश भी दिखाई देती है।
2021 के मुकाबले इस बार काफी बड़ा विस्तार
भाजपा ने इस बार प्रदेश कार्यसमिति की सबसे भारी-भरकम सूची घोषित की है। इस बार 548 प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए गए हैं। स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
इससे पहले मार्च 2021 में घोषित प्रदेश कार्यसमिति में 323 कार्यसमिति सदस्य बनाए गए थे। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित 28 स्थायी आमंत्रित सदस्य थे। वहीं 94 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए थे।
यानी इस बार प्रदेश कार्यसमिति का आकार 2021 के मुकाबले काफी बढ़ा है। अब अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली बैठक के जरिए भाजपा उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों को और धार देने जा रही है। प्रदेश कार्यसमिति की इस बड़ी टीम के साथ पार्टी का अगला बड़ा फोकस आगामी विधानसभा चुनाव और सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की रणनीति पर रहेगा।



